जल-जंगल-जमीन की रक्षा का संकल्प दोहराया
उरीमारी (हजारीबाग): विस्थापित समिति न्यू बिरसा पोटंगा कार्यालय में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत समिति के अध्यक्ष सूरज बेसरा ने झंडोत्तोलन कर किया। इसके उपरांत राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई और सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया गया। साथ ही शहीद स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

अवसर पर अध्यक्ष सूरज बेसरा ने सभी देशवासियों, कोल कर्मियों, मजदूरों, श्रमिकों एवं विस्थापित परिवारों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं एवं बधाई दीं।

समिति के संरक्षक सोनाराम मांझी ने कहा कि भारत की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले सभी महान स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर शहीदों को कोटि-कोटि नमन। उनके त्याग, संघर्ष और बलिदान के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में सम्मान और स्वाभिमान के साथ जीवन जी रहे हैं।
वहीं कोषाध्यक्ष संजय करमाली ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें एकता, भाईचारा, सामाजिक न्याय, समानता और देश की अखंडता को मजबूत करने की प्रेरणा देता है। हमें संविधान के मूल्यों का सम्मान करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक अधिकार, सम्मान और न्याय पहुंचाने के लिए मिलकर काम करना चाहिए।
इस अवसर पर सभी ने संकल्प लिया कि देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत करेंगे, जल-जंगल-जमीन और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करेंगे तथा समाज और राष्ट्र के विकास में सकारात्मक योगदान देंगे।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से सोनाराम मांझी, सूरज बेसरा, जीतन मुण्डा, संजय करमाली, मोहन सोरेन, विश्वनाथ मांझी, धर्मदेव विश्वकर्मा, गणेश गंझू, बिनोद हेम्ब्रोम, पोटंगा उप मुखिया रविंद्र सोरेन सहित सैकड़ों महिला-पुरुष उपस्थित थे। पंचायत समिति सदस्य बभनी देवी, बुधनी देवी, डोढ़को देवी, तलमी देवी, लीलमुनी देवी, ममता कुमारी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुईं।

