स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में अपर मुख्य सचिव ने दिए दिशा-निर्देश
रांची: राज्य में स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जांच व्यवस्था को जिला स्तर तक मजबूत करने की तैयारी तेज कर दी है। बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने सभी जिलों में जल्द से जल्द स्वाइन फ्लू की जांच शुरू कराने का निर्देश दिया। बैठक में सभी जिलों के सिविल सर्जन और विभाग के वरीय अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में बताया गया कि फिलहाल स्वाइन फ्लू की जांच केवल रांची सदर अस्पताल, रिम्स रांची और एमजीएम जमशेदपुर में उपलब्ध है। अन्य जिलों में सुविधा शुरू करने के लिए आरटी-पीसीआर मशीन और किट की उपलब्धता की समीक्षा की गई।
अपर मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि जिन जिलों में मशीन नहीं है, वहां तत्काल रिक्विजीशन भेजा जाए। खराब पड़ी मशीनों की मरम्मत कराई जाए। जरूरत पड़ने पर टेक्नीशियन और पैथोलॉजिस्ट को रिम्स या सदर अस्पताल रांची में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
बैठक में ट्रूनेट मशीन और एचएमआईएस व्यवस्था की भी समीक्षा हुई। सभी जिलों को एचएमआईएस पूरी तरह सक्रिय करने और कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने को कहा गया।
मानव संसाधन की कमी पर चर्चा करते हुए अजय कुमार सिंह ने बताया कि करीब एक हजार पीजी डॉक्टरों को दक्षिण भारत से लाने का प्रयास चल रहा है। सिविल सर्जनों के सुझाव पर अस्पतालों में आवश्यक पद तय किए जाएंगे।
इसके अलावा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक सीएचसी को अपग्रेड करने, 125 स्थानों पर एचपीएलसी मशीन लगाने और सहिया व एमपीडब्ल्यू को अतिरिक्त प्रशिक्षण देने की योजना पर भी चर्चा हुई। योजना के तहत प्रत्येक सब सेंटर से दो योग्य सहियाओं का चयन कर उन्हें ब्लड कलेक्शन और ड्रेसिंग का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
