रांची: झारखंड में अगले दो दिन मौसम की मार पड़ सकती है। 20 और 21 नवंबर को राज्य के 10 जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। रांची, रामगढ़, बोकारो और धनबाद समेत प्रभावित जिलों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मौसम के इस बदलाव का असर 19 नवंबर से ही दिखने लगा है। राजधानी रांची सहित कई इलाकों में बादल छाए रहने और दक्षिणी झारखंड के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है। 20 नवंबर से बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं।

मौसम विभाग ने रांची, लातेहार, गुमला, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम में विशेष सतर्कता बरतने का संकेत दिया है। इन जिलों में कहीं-कहीं तेज गर्जना और बिजली गिरने का खतरा भी बना रह सकता है।

इस मौसमी बदलाव की वजह बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान अकवान को बताया गया है। इसके प्रभाव से वातावरण में नमी बढ़ने और झारखंड के कई हिस्सों में बारिश के अनुकूल परिस्थितियां बनने का अनुमान है। तूफान के 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश के तटवर्ती क्षेत्र तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक अभिषेक आनंद के अनुसार, 22 और 23 नवंबर तक चक्रवाती सिस्टम का प्रभाव कमजोर पड़ सकता है। इसके बाद बारिश में कमी आने और 24 नवंबर से आसमान साफ होने की संभावना है। हालांकि, सुबह के समय कुहासा जारी रह सकता है। बारिश के बाद तापमान में गिरावट से ठंड बढ़ने के आसार हैं।

खराब मौसम के दौरान वज्रपात से बचाव के लिए लोगों को खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचना चाहिए। वाहन चालकों को बारिश और कुहासे के बीच सावधानी से सफर करने की जरूरत है।