रांची: श्रावण माह में रांची के प्रसिद्ध पहाड़ी मंदिर में इस वर्ष भी श्रद्धा और उल्लास के साथ विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसकी तैयारी को लेकर रविवार को मंदिर प्रांगण बैठक हुई। बैठक में मुख्य आयोजक नंद किशोर सिंह चंदेल ने बताया कि सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रावण के प्रत्येक सोमवार को पहाड़ी मंदिर के मुख्य द्वार पर संध्या महाआरती का आयोजन अलग-अलग स्वरूप में किया जाएगा। महाआरती के बाद श्रद्धालुओं को खीर महाभोग का प्रसाद वितरित किया जाएगा तथा पहाड़ी बाबा के सभी भक्तों को सम्मानित भी किया जाएगा।
दूसरे सोमवार (10 अगस्त) को सुबह 7 बजे से बीते वर्ष की भांति “भोले की दौड़” का आयोजन होगा। यह दौड़ चुटिया के स्वर्णरेखा तट स्थित इक्कीसों महादेव से शुरू होकर चुटिया, बहु बाजार चौक, कर्बला, चर्च रोड, मेन हनुमान मंदिर, सर्जना चौक, अल्बर्ट एक्का चौक, शहीद चौक, कोतवाली थाना, काटसराय रोड, बकरी बाजार और हरमू रोड स्थित शनि मंदिर होते हुए पहाड़ी मंदिर के महाकाल मंदिर में जलार्पण के साथ संपन्न होगी। इसमें बड़ी संख्या में शिवभक्त शामिल होंगे। वहीं श्रावण की अंतिम सोमवारी 24 अगस्त को संध्या महाआरती के पश्चात विशाल भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने सभी शिवभक्तों से इन कार्यक्रमों में सादर भाग लेने की अपील की है।
बैठक में नंद किशोर सिंह चंदेल, सुनील यादव, विनय सिंह, टीके मुखर्जी, उदय सिंह, सागर कुमार सिंह, बिट्टू सिंह, मोनू शर्मा, लखन कुमार, अमित कुमार रॉय, अमन ठाकुर, सुजल सोनी, ऋतिक सोनी, अंकित गुप्ता, अजित सिंह, अनीता देवी, कविता वर्मा, विनिता पाठक, नीलम शर्मा, सुनीता देवी, गुड़िया देवी, सुभद्रा देवी, रूबी देवी, बबीता देवी, सोनू गुप्ता, सुधांशु रंजन और कृपा शंकर उपस्थित थे।
