रानीचुआं से रांची के पहाड़ी मंदिर तक कांवड़ यात्रा 23 अगस्त को
पिस्का नगड़ी (रांची): आगामी 23 अगस्त को स्वर्णरेखा नदी के उद्गम स्थल रानीचुआं से रांची के प्रसिद्ध पहाड़ी मंदिर तक कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। इसे लेकर रविवार को नमामि स्वर्णरेखा जोहार स्वर्णरेखा के तत्वावधान में गंगायात्री पीपूष पाठक की अगुवाई में स्वर्णरेखा नदी के उद्गम स्थल पर विधिवत ध्वजारोहण किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार और भगवान शिव की पूजा-अर्चन के साथ हुआ। पंडित निशांत के मार्गदर्शन में अनुष्ठान संपन्न हुआ। ध्वजारोहण के अवसर पर श्रद्धालुओं ने “हर-हर महादेव” ,”बोल बम” और “जय स्वर्णरेखा धाम” के जयघोष के साथ यात्रा की सफलता और समाज के कल्याण की कामना की।
अवसर पर गंगायात्री पीयूष पाठक ने कहा कि प्रत्येक वर्ष निकलनेवाली यह कांवड़ यात्रा केवल आस्था का ही प्रतीक नहीं, बल्कि स्वर्णरेखा नदी के संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और सामाजिक जागरूकता का भी अभियान है। उन्होंने सभी शिवभक्तों एवं क्षेत्रवासियों से 23 अगस्त को आयोजित कांवड़ यात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
ध्वजारोहण कार्यक्रम में मुख्य रूप से साहेर पंचायत की पूर्व सरपंच मधुबाला देवी, अंकित राज, रितिक राज, विवेक कुमार, कमलेश केसरी, वंशरोपन, अभिजीत मिश्रा, कमल मिश्र, हर्ष तिर्की, आयुष पाठक एवं विजय पाठक सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं संगठन के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
