नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत थीम पर हुआ कार्यक्रम 

रामगढ़: मैक्स इंस्टीट्यूट ऑफ बी.एड. कॉलेज रामगढ़ में बुधवार को जिला स्तरीय युवा उत्सव-2026-27 का भव्य आयोजन किया गया। जिसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से 300 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। उत्सव का थीम “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” रहा।

अवसर पर रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र की विधायक ममता देवी, हजारीबाग संसदीय क्षेत्र के सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल, जिला खेल समन्वयक सुशील कुमार, मैक्स कॉलेज की प्राचार्या, एनएसएस के पदाधिकारी, विभिन्न कॉलेजों के शिक्षक एवं प्राचार्य तथा खेल कार्यालय के कर्मी उपस्थित रहे।

युवा उत्सव के अंतर्गत युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से पांच विधाओं में प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें सामूहिक लोक नृत्य, सामूहिक लोकगीत, कविता लेखन, चित्रकला एवं नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता शामिल थीं। प्रतिभागियों ने अपनी कला, रचनात्मकता एवं सामाजिक संदेशों के माध्यम से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

सामूहिक लोक नृत्य में गंगा ग्रुप ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कृष्णा ग्रुप को द्वितीय और झेलम ग्रुप को तृतीय स्थान मिला। सामूहिक लोकगीत में रोहिणी लिंडा प्रथम, रामदेव नाथ द्वितीय और दीक्षा कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। कविता लेखन में शैली सायरन ने प्रथम, लाडली कुमारी ने द्वितीय और राहुल महतो ने तृतीय स्थान हासिल किया। चित्रकला में टिया सिंह प्रथम, श्रेयांश मिश्रा द्वितीय और शुभम कुमार तृतीय स्थान पर रहे। वहीं नुक्कड़ नाटक में अंजनी ग्रुप ने प्रथम, प्रियांशी ग्रुप ने द्वितीय और कुमोद ग्रुप ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को आगामी प्रमंडल स्तरीय युवा उत्सव में भाग लेने का अवसर मिलेगा। प्रमंडल स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होंगे। वहीं राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड राज्य का प्रतिनिधित्व करने एवं पुरस्कार प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम का आयोजन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय झारखंड,  राष्ट्रीय सेवा योजना और जिला खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम का समापन प्रतिभागियों के उत्साहवर्धन एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ हुआ।