रांची: सदर अस्पताल में पार्किंग को लेकर हुए हंगामे और मारपीट की घटना के बाद अब प्रशासन ने पुरानी व्यवस्था को बदलने की तैयारी कर ली है। अस्पताल परिसर में वाहनों के ठहराव के लिए नए संचालक की खोज शुरू हो गई है। इसके लिए सिविल सर्जन कार्यालय से निविदा जारी कर दी गई है।

जारी सूचना के अनुसार इच्छुक लोग 18 नवंबर की शाम चार बजे तक आवेदन दे सकते हैं। आवेदन हाथों-हाथ या रजिस्टर्ड डाक से भेजा जा सकेगा। अगले दिन यानी 19 नवंबर को दोपहर तीन बजे कमेटी के सामने सभी निविदाएं खोली जाएंगी। ठेका खुली बोली पर मिलेगा। जो सबसे ज्यादा बोली लगाएगा, उसी को अगले एक साल के लिए पार्किंग चलाने का जिम्मा सौंपा जाएगा। काम अच्छा रहा तो तीन माह और बढ़ाया जा सकता है। निविदा में रजिस्टर्ड संस्था, समिति या प्रतिष्ठान के साथ-साथ साफ-सुथरी छवि वाला कोई भी व्यक्ति भाग ले सकता है।
बताया जाता है कि पहले पार्किंग में मनमानी वसूली को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान सुपरवाइजर अजीत कुमार के साथ मारपीट की घटना हुई थी। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को पकड़ा था। इसके बाद सिविल सर्जन ने पुराने संचालक को हटा दिया था। तब से पार्किंग व्यवस्था सवालों में थी।
हालांकि नए ठेकेदार के सामने सिर्फ गाड़ियां खड़ी कराना ही काम नहीं होगा, बल्कि मरीजों और परिजनों से तय शुल्क ही वसूला जाए, इस पर भी नजर रखनी होगी। हालांकि निविदा में अभी शुल्क दरों का जिक्र नहीं किया गया है। पार्किंग शुल्क दर क्या तय होते हैं इसपर लोगों की निगाहें टिकी हुई है।

