रामगढ़: जिले के परीक्षा केंद्रों पर राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) 2026 रविवार को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचार मुक्त माहौल में संपन्न हुई। उपायुक्त ऋतुराज और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत के कुशल नेतृत्व में जिला प्रशासन द्वारा की गई चाक-चौबंद व्यवस्थाओं के बीच परीक्षार्थियों ने शांतिपूर्ण माहौल में परीक्षा दी।
परीक्षा के सफल संचालन को लेकर उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने स्वयं विभिन्न केंद्रों का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी और अभ्यर्थियों की सुविधाओं का अवलोकन किया।
उपायुक्त ने परीक्षा संपन्न होने के पश्चात कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता पारदर्शिता और शुचिता बनाए रखना थी, जिसे सभी अधिकारियों एवं कर्मियों के आपसी समन्वय से सफलतापूर्वक पूरा किया गया। उन्होंने परीक्षा कार्य में प्रतिनियुक्त सभी दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं केंद्राधीक्षकों को उनके सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
परीक्षा केंद्रों के बाहर भी विधि-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य रही। यातायात प्रबंधन एवं सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होने के कारण परीक्षार्थियों एवं उनके अभिभावकों को किसी भी प्रकार की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ा। इस दौरान जिला प्रशासन के अन्य वरीय पदाधिकारी भी मुस्तैद रहे।
