हजारीबाग: पंचायत सचिवालय स्वयंसेवक संघ डाड़ी के प्रतिनिधियों ने शुक्रवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी अनुप्रिया से उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। संघ की ओर से स्मृति चिन्ह के स्वरूप महात्मा गांधी की तस्वीर भेंटकर बीडीओ का अभिवादन किया।
मुलाकात के दौरान पंचायत स्वयंसेवकों ने उन्हें अपनी समस्याओं से अवगत कराया। कहा कि 2016 से पंचायत स्वयंसेवक निष्ठापूर्वक अपना दायित्व निभाते आ रहे हैं। बावजूद इसके राज्य सरकार स्वयंसेवक के लिए अबतक मानदेय तय नहीं कर सकी है। पंचायत स्वयंसेवकों की स्थिति दयनीय हो रही है। जिसपर सरकार को ध्यान देने की जरूरत है। वहीं बीडीओ ने स्वयं सेवकों की समस्या से वरीय अधिकारियों को अवगत कराने का आश्वासन दिया।
बीडीओ से मुलाकात करनेवालों में संघ के अध्यक्ष हीरालाल बेदिया, सचिव मो. अबरार अली, कोषाध्यक्ष अनिल प्रजापति, शारदा कुमारी, लक्ष्मी देवी, सुरेश कुमार, सिम्मी कुमारी, सुखदेव महतो, राजेश राम, चुकेन्दर कुमार महतो, पिन्टू कुमार दास, मनसू कुमार महतो सहित अन्य शामिल रहे।