भुरकुंडा (रामगढ़): आगामी दुर्गा पूजा को लेकर बासल थाना में रविवार को प्रभारी अनंत कुमार सिंह की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक हुई। बैठक में मुख्य रूप से अंचलाधिकारी पतरातू मनोज कुमार चौरसिया सहित पुलिस अवर निरीक्षक विपिन सिंह, सहायक अवर निरीक्षक लालदेव महतो, शांति समिति के सदस्य, गणमान्य लोग और पूजा समितियों के प्रतिनिधि शामिल रहे।

बैठक में थाना प्रभारी अनंत कुमार सिंह ने पूजा समितियों के पदाधिकारियों से दुर्गा पूजा पंडाल, संस्कृति कार्यक्रम और मूर्ति विसर्जन के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने क्षेत्र के सभी पूजा समितियों को प्रशासन द्वारा जारी गाइडलाइंस की प्रति उपलब्ध कराते हुए अनुपालन करने की अपील की। 

दुर्गा पूजा के शांतिपूर्ण आयोजन में सभी की भागीदारी जरूरी : सीओ

बैठक में अंचलाधिकारी पतरातू ने दुर्गा पूजा को लेकर शांति समिति के सदस्यों से विधि-व्यवस्था के बेहतर संधारण हेतु सुझाव भी लिए। आगे उन्होंने कहा कि पूजा पंडाल में महिला और पुरुष के लिए अलग प्रवेश और निकास द्वार होना चाहिए। अग्निशमन, सीसीटीवी कैमरे और वाहन पार्किंग की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करें। खाने-पीने के स्टॉल में व्यवसायिक गैस सिलेंडर के उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा। मूर्ति का विसर्जन पूर्व निर्धारित रूट पर ही होना चाहिए। उन्होंने कहा की शांति व्यवस्था बनाए रखने में सभी की भागीदारी जरूरी है। 

पुलिस हर संभव सहयोग के लिए है तत्पर : थाना प्रभारी 

बैठक के दौरान थाना प्रभारी अनंत कुमार सिंह ने कहा कि पूजा पंडाल और मुख्य तोरण द्वारों पर समितियां हेल्पलाइन नंबर जरूर उल्लेखित करें। जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा होने पर वे संपर्क  कर सकें। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को अविलंब दें। पुलिस आम लोगों की सुरक्षा और सहयोग के लिए तत्पर है। 

बैठक में ये रहे उपस्थित 

मौके पर विजय मुंडा, राजेंद्र महतो, बाबूलाल साव, आजाद राय, भोला मुंडा, जुगेश महतो, राजन प्रसाद, संतोष मुंडा, राज कुमार मुंडा, उकेश यादव, अमित कुमार, राजेंद्र ठाकुर, विजय, बिनोद यादव,ब्रिज किशोर, रोहित प्रसाद, लखन मुंडा, भूषण उरांव, दिलीप कुमार, सूरज कुमार, नरेश पाहन, संतोष  करमाली सहित अन्य लोग मौजूद थे।