हजारीबाग: पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर शुक्रवार को सदर थाना क्षेत्र के कार्मेल चौक स्थित बाइक गैराज में छापेमारी कर चोरी की 6 बाइक बरामद किया। मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। 

पुलिस के अनुसार कार्मेल चौक के पास एक A to Z नामक मोटरसाइकिल गैरेज में चोरी की बाइक की खरीद-बिक्री की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई हेतु अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर रुपक कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। टीम ने घेराबंदी कर कार्मेल चौक स्थित गैरेज में छापामारी की गई। छापामारी के क्रम में वहां कुल 06 बाइक पाई गई। सत्यापन के बाद पाया गया कि सभी मोटरसाइकिल चोरी की हैं।

गैरेज में दो लोग उपस्थित पाए गए। जिनकी पहचान कटकमदाग थाना क्षेत्र निवासी राजिक इमाम (34 वर्ष) पिता स्व. रफीकउद्दीन और लोहसिंघना थाना क्षेत्र निवासी मोहम्मद इरफान (27 वर्ष) पिता मो. रियाज के रूप में हुई। पुलिस की पूछताछ में उन्होंने बताया कि चौपारण थाना क्षेत्र के बेला गांव का रहनेवाला संदीप साव पिता इन्द्रदेव साव फर्जी कागजात के साथ चोरी की बाइक उपलब्ध कराता था। जिसे ये आधे दाम में बेच दिया करते थे।