मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ली परेड की सलामी 

रांची: राजधानी रांची के डोरंडा स्थित जैप-1 मैदान में गुरुवार को प्रशिक्षित पुलिस कर्मियों के पासिंग आउट परेड का भव्य आयोजन किया गया। इसके साथ ही 4 डीएसपी और 336 जवान पुलिस सेवा में बहाल हो गए। 336 पुलिस कर्मियों में 255 पुरूष और 81 महिलाएं शामिल हैं। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल हुए । 

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आगमन पर डीजीपी तदाशा मिश्रा ने बुके देकर उनका स्वागत किया। इसके उपरांत उन्होंने परेड की सलामी ली। अवसर पर प्रशिक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करनेवाले पुलिस कर्मियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान नवप्रशिक्षित पुलिस कर्मियों ने संविधान के प्रति निष्ठा, कानून का पालन और जनता की सेवा करने का संकल्प लिया। इसके साथ ही उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपा गया। बताया जाता है कि परेड काफी समय से लंबित था। 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड पुलिस को नई ऊर्जा मिली है। किसी भी पुलिस कर्मी के लिए वर्दी का सम्मान और जनता की सेवा उसका पहला धर्म है। वहीं डीजीपी तदाशा मिश्रा ने कहा कि नए जवानों की तैनाती से फील्ड में पुलिस की ताकत बढ़ेगी। खासकर नक्सल प्रभावित इलाकों और शहरी अपराध नियंत्रण में इनकी बड़ी भूमिका होगी।

समारोह में गृह विभाग की अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल, एडीजी प्रिया दुबे, एडीजी मनोज कौशिक और रांची एसएसपी राकेश रंजन समेत पुलिस महकमे के तमाम वरीय अधिकारी मौजूद थे। 

 

By Admin

error: Content is protected !!