रांची: जिले में अफीम की अवैध खेती की रोकथाम और लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने बुधवार को जन जागरूकता अभियान की शुरुआत की। अवसर पर जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची मंजूनाथ भजंत्री एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची राकेश रंजन ने मोरहाबादी मैदान से संयुक्त रूप से आठ जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

यह जागरूकता वाहन जिले के विभिन्न क्षेत्रों एवं ग्रामीण इलाकों में भ्रमण कर लोगों को अफीम की अवैध खेती से होने वाले सामाजिक, आर्थिक एवं पर्यावरणीय नुकसान तथा इससे संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी देगा। अभियान के माध्यम से लोगों को जागरूक करते हुए अफीम की खेती एवं इसके अवैध कारोबार से दूर रहने की अपील की जाएगी।

जागरूकता अभियान के माध्यम से आमजनों को बताया जाएगा कि अफीम की खेती करना अथवा इसके लिए अपनी जमीन उपलब्ध कराना एनडीपीएस एक्ट के तहत दंडनीय अपराध है। इसमें 20 वर्ष तक की सजा अथवा आजीवन कारावास एवं जुर्माने तक का प्रावधान हो सकता है। इसके अलावा अफीम एवं इससे बने उत्पादों का सेवन मानव जीवन एवं स्वास्थ्य पर गंभीर रूप से प्रतिकूल प्रभाव डालता है। नशे की लत से विशेषकर युवा पीढ़ी प्रभावित होती है, जिससे परिवार एवं समाज पर भी नकारात्मक असर पड़ता है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है अफीम की खेती से अर्जित धन एवं परिसंपत्तियों के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई करेगी। अफीम की खेती, परिवहन एवं इसके दुरुपयोग की गतिविधियों में संलिप्त क्रेता-विक्रेताओं के विरुद्ध भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अवसर पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) गौरव गोस्वामी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय-1 अमर पांडेय सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।