भुरकुंडा (रामगढ़): भारतीय डाक विभाग के “राखी मेल अभियान” के अंतर्गत बुधवार को ए’ला एंग्लाइज स्कूल में राखी निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। प्रतियोगिता में बच्चों ने रंग-बिरंगे धागों, मोतियों, रिबन, कागज और चमकीले स्टोन्स से आकर्षक राखियां बनाईं। कुछ राखियों में पारंपरिक भारतीय कला की झलक थी तो कुछ में आधुनिक डिजाइन भी देखने को मिले।

इस दौरान भारतीय डाक विभाग के प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों से संवाद किया। रिलेशनशिप मैनेजर चंदन महतो, पीओ राजेंद्र कुमार, बीपीएम नीलम कुमारी, कुमार शुभम, तुलसी बेदिया एवं एबीपीएम अंशिका ने राखी मेल की उपयोगिता बताई। उन्होंने कहा कि डाक विभाग के माध्यम से भाई-बहनों के बीच प्रेम और शुभकामनाओं का संदेश दूर-दराज तक आसानी से पहुंचाया जा सकता है।

अतिथियों ने विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई राखियों का अवलोकन कर उनकी मेहनत की सराहना की। प्रतियोगिता में 12वीं कक्षा की खुशी कुमारी प्रथम, आठवीं कक्षा की कुमुद कृष्णा द्वितीय और नौवीं कक्षा की वर्षा कुमारी तृतीय स्थान पर रही। वहीं संजना कुमारी, रेबेका दास, मुस्कान कशिश, अनन्या कुमारी, अंतरा मुर्मू, विदुशी कुमारी और रिया मुर्मू को भी उनके उल्लेखनीय प्रदर्शन के लिए सराहा गया। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य ने डाक कर्मियों को स्मृति चिन्ह के रूप में डायरी भेंट की।

अवसर पर प्रधानाचार्य विजयंत कुमार ने कहा कि राखी केवल एक धागा नहीं, बल्कि भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और सुरक्षा का पवित्र प्रतीक है। डाक विभाग की राखी मेल पहल हमारी समृद्ध परंपराओं को नई पीढ़ी से जोड़ने का सराहनीय प्रयास है। हमें गर्व है कि हमारे विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर संस्कृति के प्रति सम्मान दर्शाया।

आयोजन को सफल बनाने में केजी की प्राचार्या अंजू पटेल, गीता प्रसाद, बबीता सिंह, चंचल कुमारी, सुमन खलखो, रितिका कुमारी एवं काजल बनर्जी का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में उपप्राचार्य धर्मेश सोनी, प्रशासक संजय कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित थे।

 

By Admin

error: Content is protected !!