रामगढ़: बढ़ती गर्मी के मद्देनजर जिले में जलापूर्ति और स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु बुधवार को उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक हुई। बैठक के दौरान उपायुक्त ने सर्वप्रथम कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल तथा सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों से उनके-अपने क्षेत्रों में वर्तमान जलापूर्ति की स्थिति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले के प्रत्येक नागरिक तक नियमित एवं निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए उपायुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों के साथ शीघ्र बैठक आयोजित कर समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने जनसंपर्क विभाग को जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष एवं उसके दूरभाष नंबरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया, ताकि आमजन अपनी समस्याओं को आसानी से दर्ज करा सकें। साथ ही सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि नियंत्रण कक्ष के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें। बैठक में उपायुक्त ने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित पेयजल योजनाओं की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की एवं सभी योजनाओं के नियमित संचालन को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने खराब पड़े जलापूर्ति योजनाओं की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मती कार्य कराने तथा योजनाबद्ध तरीके से उन्हें पुनः चालू करने के निर्देश दिए।

इस दौरान कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल द्वारा जानकारी दी गई कि विभागीय टीम द्वारा प्रतिदिन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में खराब पड़े चापानलों की मरम्मती का कार्य किया जा रहा है। 1 अप्रैल 2026 से अब तक कुल 3667 चापानलों की मरम्मती सुनिश्चित की जा चुकी है। इस पर उपायुक्त ने कार्यों में और अधिक तेजी लाने एवं शत-प्रतिशत कार्य निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। गर्मी के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए

वहीं उपायुक्त ने सिविल सर्जन को निर्देशित किया कि सदर अस्पताल, सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में लू एवं गर्मी से बचाव को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए। साथ ही सभी स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त मात्रा में ओआरएस, आवश्यक दवाइयों एवं अन्य संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी अधिकारियों से गर्मी के मौसम में आमजन को राहत प्रदान करने हेतु किए जाने वाले कार्यों के संबंध में सुझाव भी आमंत्रित किए तथा प्राप्त सुझावों के आधार पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त ने स्पष्ट रूप से कहा कि जलापूर्ति एवं स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ कार्य करते हुए आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न होने दें।

By Admin

error: Content is protected !!