रामगढ़: भदानीनगर ओपी क्षेत्र अंतर्गत मतकमा चौक के निकट राज नंदिनी रेस्टोरेंट में बुधवार को एक कमरे में एजबेस्टस शीट की छत सीलिंग समेत गिर गई। जिसमें पांच युवतियां समेत दो वर्षीय बालक घायल हो गया। आनन-फानन में घायलों को सीसीएल अस्पताल भुरकुंडा ले जाया गया। जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।वहीं रेस्टोरेंट में काफी देर तक गहमागहमी की स्थिति बनी रही। घटना दोपहर 3:30 बजे की बताई जाती है।

मिली जानकारी अनुसार रेस्टोरेंट में सगाई समारोह का आयोजन किया जा रहा था। जिसमें सेंट्रल सौंदा से लड़की पक्ष और रजरप्पा से लड़के पक्ष के लोग शामिल थे। सगाई का समारोह शुरू होने को ही था। इस दौरान रेस्टोरेंट के दूसरे तल्ले से निर्माणाधीन दिवार नीचे एक कमरे के उपर गिर पड़ा। जिससे एजबेस्टस शीट की छत का बड़ा हिस्सा सीलिंग समेत टूटकर नीचे जा गिरा। जिससे उक्त कमरे में मौजूद लकड़ी ममता कुमारी पिता स्व. महेश पासवान सहित लड़की पक्ष की करिश्मा कुमारी, आरती कुमारी, ममता कुमारी और रानी कुमारी अंदरुनी रूप से घायल हो गईं। वहीं दो वर्षीय बच्चा केयांश कुमार भी अंदरुनी तौर पर चोटिल हो गया। आनन-फानन में घायल युवतियों और बच्चे को उपचार हेतु सीसीएल अस्पताल भुरकुंडा ले जाया गया। जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। वहीं ममता कुमारी और केयांश को परिजन बेहतर उपचार के लिए रामगढ़ ले गए। 
इधर, घटना को लेकर रेस्टोरेंट में काफी देर तक गहमागहमी की स्थिति बनी रही। दोनों पक्ष के लोगों में रेस्टोरेंट संचालक और प्रबंधक के प्रति काफी रोष देखा गया। वहीं मामले की सूचना मिलते ही भदानीनगर ओपी प्रभारी अख्तर अली सदलबल रेस्टोरेंट पहुंचे और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए लोगों को शांत कराया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
