रातू (रांची): अंजुमन इस्लामिया रातू प्रखंड के चुनाव को लेकर बुधवार को लॉरेंस इंटर कॉलेज, हुरहुरी में प्रत्याशियों के बीच चुनाव चिह्न आवंटित किए गए। चुनाव समिति की ओर से चिह्नों की घोषणा के साथ ही विभिन्न पदों पर मुकाबले की तस्वीर स्पष्ट हो गई है। प्रखंड में 31 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि उसी दिन मतगणना भी की जाएगी।
चुनाव समिति की ओर से जारी सूची के अनुसार, सदर पद के लिए अताउल्ला अंसारी को सीलिंग पंखा, शाहिद अंसारी को तराजू, शमीम मंसूरी को छतरी, जसीम अंसारी को सीढ़ी और जाकिर अंसारी को कुर्सी चुनाव चिह्न मिला है।

सेक्रेटरी (महासचिव) पद पर अनीसुल रहमान को अलमीरा, नौशाद आलम को गैस सिलेंडर और मुंतजिर खान को किताब चुनाव चिह्न आवंटित किया गया है। नायब सदर पद के लिए अंजुम खान को बैडमिंटन रैकेट, जेयाउल हक को बैट-बॉल और सैय्यद फिरोज को फुटबॉल चिह्न दिया गया है।
वहीं, नायब सेक्रेटरी पद पर आकिब अंसारी हवाई जहाज और मोख्तार अंसारी ट्रैक्टर चुनाव चिह्न के साथ मैदान में हैं। खजांची पद के लिए अजमूल हक को जग, तौफीक अंसारी को ताला-चाबी और वसीम राजा को मोबाइल चुनाव चिह्न मिला है।
चुनाव समिति के अनुसार, मतदान 31 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक लॉरेंस इंटर कॉलेज, हुरहुरी में कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन मतगणना होगी।

चुनाव चिह्न आवंटन के दौरान समिति के अध्यक्ष रियाजुल अंसारी, सचिव मियांजान अंसारी, सहदुल अंसारी, गफ्फार अंसारी, महमूद अंसारी, तैयब अंसारी और मुबारक खान समेत समिति के अन्य सदस्य, प्रत्याशी तथा प्रखंड के गणमान्य और बुद्धिजीवी लोग मौजूद थे।

