बिहार के नालंदा से तीन, पलामू से दो की हुई गिरफ्तारी
डकैती के क्रम में पकड़े गए थे दो अपराधी 

रामगढ़: रजरप्पा थाना क्षेत्र अंतर्गत चितरपुर के शिव शंकर ज्वेलर्स में हुई डकैती कांड में सात अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। जहां डकैती के दौरान घटनास्थल से दो अभियुक्त सुभानी अंसारी और आनंद कुमार पकड़े गए थे। वहीं पुलिस ने अनुसंधान करते हुए कांड में संलिप्त दो महिला समेत पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। साथ ही दुकान से लूटे गए गहने भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और आसूचना के आधार पर नालंदा (बिहार) के रहनेवाले मनीष कुमार, रीना देवी और कलावती देवी को गहनों के साथ गिरफ्तार किया है। तीनों अर्टिगा कार पर लूटे गए गहनों की बिक्री करने जा रहे थे। वहीं डकैती में संलिप्त दो अभियुक्त रांची जिला निवासी अरबाज अंसारी और नुरूल्ला अंसारी को पलामू जिला के पिपराटांड़ से गिरफ्तार किया गया है। अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुणायत ने शुक्रवार को प्रेस कांफ्रेंस में खुलासा करते हुए बताया कि बीते 21 अप्रैल की शाम शिव शंकर ज्वेलर्स में डकैती हुई थी। इस दौरान दो अभियुक्तों को पकड़ा गया था‌। वहीं संचालक के फर्द बयान पर रजरप्पा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। कांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रामगढ़ चंदन वत्स के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।

अनुसंधान के क्रम में टीम ने मानवीय आसूचना और तकनीकी साक्ष्य के आधार पर बिहार के नालंदा में छापेमारी कर अर्टिगा कार पर सवार नालंदा जिला निवासी मनीष कुमार पासवान (39 वर्ष) उसकी पत्नी रीना देवी (35 वर्ष) और चन्द्रावती देवी (55 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के क्रम में कार से गहनों की बरामदगी हुई। पुलिस की पूछताछ में अभियुक्तों बताया कि शिव शंकर ज्वेलर्स से लूटे गए गहनों को बेचने जा रहे थे।

एसपी ने आगे बताया कि वहीं कांड में संलिप्त दो अन्य अभियुक्त रांची जिला निवासी अरबाज अंसारी (24 वर्ष) और नसरूल्ला अंसारी उर्फ राजा (26 वर्ष) को पलामू जिला के पिपराटाड़ से गिरफ्तार किया गया। जिनके पास से होंडा साइन बाइक, लूटे गए गहने और डकैती दौरान पहने गए कपड़े बरामद किए गए। कांड में संलिप्त सभी सात अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

 

 

 

 

By Admin

error: Content is protected !!