जनता को परेशानी हुई तो नहीं करेंगे बर्दाश्त : मनीष जायसवाल
हजारीबाग: लोकसभा क्षेत्र में भीषण गर्मी के बीच चरमराई बिजली व्यवस्था को लेकर सांसद मनीष जायसवाल ने कड़ा रुख अपनाया है। हजारीबाग परिसदन में सांसद ने शुक्रवार को आपात बैठक बुलाई। जिसमें उन्होंने डीवीसी, बिजली विभाग और ट्रांसमिशन यूनिट के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाते हुए स्पष्ट किया कि जनता की परेशानी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सांसद मनीष जायसवाल ने डीवीसी द्वारा बिजली की कटौती कर उसे खुले बाजार में बेचने और लोड शेडिंग जैसे गंभीर मुद्दों पर अपनी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंन अधिकारियों से स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि आपके घरों की बिजली कुछ घंटों के लिए कट जाए तो आपको आम जनता के दर्द का एहसास होगा। सांसद मनीष जायसवाल ने विभाग को चेतावनी देते हुए तत्काल सुधार का अल्टीमेटम दिया और स्पष्ट किया कि जनता को अब कहानियों की नहीं बल्कि सुचारू बिजली आपूर्ति की जरूरत है
बैठक में बिजली विभाग की भविष्य की योजनाओं और निर्माणाधीन परियोजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने सांसद मनीष जायसवाल को आश्वस्त किया कि विष्णुगढ़ और बड़कागांव में निर्माणाधीन ग्रिड अगले ढाई से तीन महीनों में चालू हो जाएंगे, जिससे डीवीसी पर निर्भरता काफी हद तक कम हो जाएगी। इसके साथ ही बनासो उपकेंद्र को अतिरिक्त 10 मेगावाट बिजली दिलाने के लिए डीवीसी कोलकाता मुख्यालय से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए। सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि झारखंड में बिजली की समस्या के स्थायी समाधान के लिए बड़े राज्यों की तरह अंडरग्राउंड वायरिंग और आत्मनिर्भर बिजली उत्पादन आवश्यक है। उन्होंने जिले में करीब 130 मेगावाट की मांग के मुकाबले हो रही कम आपूर्ति पर डीवीसी को सख्त निर्देश दिए और चेतावनी दी कि सुधार न होने पर अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आपकी कोई भी समस्या हो तो सीधे हमसे संपर्क करें, हम समाधान हेतु तत्पर रहेंगे ।
बैठक के अंत में सभी विभागीय अधिकारियों ने जल्द से जल्द स्थिति सुधारने का वादा किया। उम्मीद है कि सांसद मनीष जायसवाल के इस तल्ख तेवर में बिजली विभाग और डीवीसी अधिकारियों के कड़े फटकार के बाद बिजली कटौती की समस्या में सुधार जल्द दिखेगा।
बैठक में बिजली विभाग के जीएम दिनेश कुमार सिंह, बिजली विभाग हजारीबाग के ईएसई एके उपाध्याय, रामगढ़ के ईएसई साकला हेंब्रम, हजारीबाग टीसी के डीजीएम प्रवीण राम, जेयूएसएनएल ट्रांसमिशन सर्कल के सीनियर मैनेजर सुनील कुमार, ट्रांसमिशन डिवीजन सीनियर मैनेजर रूपा कुमारी, हजारीबाग रूरल एईई अमित कुमार शर्मा, बरही ईईई केएम हेस्सा, सीएंडआर के ईई शेखर सुमन, डीवीसी के डिप्टी मैनेजर संजीव कुमार, डीवीसी के इलेक्ट्रिक सिविल मैनेजर शंभू कुमार वर्णवाल सहित हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद प्रतिनिधि सत्येंद्र नारायण सिंह, लोकसभा क्षेत्र के सांसद सह प्रतिनिधि विनोद झुनझुनवाला, भाजपा नेता सह कंडसार पंचायत के मुखिया रामकुमार मेहता, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रो. संजय सिंह, भाजपा नेता नरेंद्र गुप्ता, हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी, विशेषांक वर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहें ।
