Municipal Corporation steps up preparations ahead of Durga Puja; focus on amenities around pandals

 

रांची: दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा देने और पंडालों के आसपास की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने को लेकर नगर निगम ने तैयारी शुरू कर दी है। सोमवार को नगर निगम सभागार में पूजा समितियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर बिजली, सफाई, जलजमाव, पार्किंग और सुरक्षा समेत कई मुद्दों पर चर्चा की गई। नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में हुई बैठक में पूजा समितियों ने पंडाल क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट, बिजली के तार और पोल की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग रखी। बारिश को देखते हुए नालियों की सफाई और जलजमाव वाले स्थानों पर आवश्यक कार्रवाई का मुद्दा भी उठाया गया।

महिलाओं के लिए जरूरी सुविधाओं, श्रद्धालुओं के ठहरने और वाहनों की पार्किंग को लेकर भी समितियों ने निगम के समक्ष अपनी जरूरतें रखीं। पूजा के दौरान किसी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक इंतजाम, सुरक्षा व्यवस्था तथा खोया-पाया केंद्र को लेकर भी चर्चा हुई। 24 घंटे आपात सेवा उपलब्ध रखने पर भी विचार किया गया।

बैठक में मेयर रोशनी खलखो ने कहा कि करमा पर्व के साथ ही त्योहारों का सिलसिला शुरू हो गया है। दुर्गा पूजा को लेकर पूजा समितियों के साथ बैठक कर उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली गई है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और जनहित को ध्यान में रखते हुए जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम स्तर से काम किया जाएगा। बैठक में शहर की विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।