135वां डूरंड कप : 18 जुलाई को निकलेगा ट्रॉफी टूर, उच्चस्तरीय बैठक में तैयारियों की समीक्षा
रांची: राजधानी रांची में फुटबॉल के सबसे पुराने टूर्नामेंट डूरंड कप के 135वें संस्करण को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। 26 जुलाई से 16 अगस्त 2026 तक बिरसा मुण्डा फुटबॉल स्टेडियम, मोराबादी में होने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए सोमवार को धुर्वा स्थित एफएफपी बिल्डिंग में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवाकार्य विभाग के सचिव मुकेश कुमार ने की। उन्होंने कहा कि आयोजन में किसी भी स्तर पर चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में सचिव ने संबंधित विभागों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को उच्च मानकों के अनुरूप रखा जाए। फायर सेफ्टी, स्टेडियम ब्रांडिंग और खिलाड़ियों-अतिथियों के ठहराव की पुख्ता व्यवस्था हो। मैच शेड्यूल के अनुसार विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की जाए। वहीं उन्होंने नगर निगम को खेल स्थल और आसपास साफ-सफाई की सुनियोजित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को यातायात और सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश भी दिए।
18 जुलाई को निकलेगा ट्रॉफी टूर
आमजन में टूर्नामेंट को लेकर उत्साह बढ़ाने के लिए भारतीय थल सेना द्वारा 18 जुलाई 2026 को राँची में ट्रॉफी टूर आयोजित किया जाएगा। इस दौरान डूरंड कप की ट्रॉफी को शहर के प्रमुख मार्गों से ले जाया जाएगा ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इस ऐतिहासिक प्रतियोगिता से जुड़ सकें।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में नगर आयुक्त सुशांत गौरव, खेल निदेशक छवि रंजन, सेना के नोडल पदाधिकारी कर्नल हेम चंद्रा, मेजर आनंद, ऊर्जा विभाग के कार्यपालक अभियंता जयकांत कुमार, सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह और झारखंड खेल प्राधिकरण के कार्यपालक अभियंता सहित जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे।
