रांची: शिक्षा को सामाजिक बदलाव और आपसी सद्भाव का आधार बनाने के संदेश के साथ अंजुमन इस्लामिया रांची के मौलाना आजाद लाइब्रेरी एंड स्टडी सेंटर ने राष्ट्रीय शिक्षा दिवस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। बुधवार को मौलाना आजाद हॉल में आयोजित ‘शिक्षा एवं सद्भावना दिवस’ समारोह में करीब 300 छात्र-छात्राओं को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें विभिन्न प्रतियोगिताओं में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के साथ स्पोकन इंग्लिश और अन्य पाठ्यक्रमों के प्रतिभागी भी शामिल थे।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘आधुनिक भारत में मौलाना आजाद का योगदान’ विषय पर आयोजित निबंध और भाषण प्रतियोगिता रही। इसमें बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार प्रदान किए गए। आयोजकों ने प्रमाणपत्र वितरण के माध्यम से विद्यार्थियों को आगे भी शिक्षा और कौशल विकास की दिशा में सक्रिय रहने के लिए प्रोत्साहित किया।

समारोह की अध्यक्षता लाइब्रेरी एंड स्टडी सेंटर के संयोजक मो. लतीफ आलम ने की। उन्होंने कहा कि मौलाना अबुल कलाम आजाद ने स्वतंत्र भारत के पहले शिक्षा मंत्री के रूप में देश की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत आधार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका मानना था कि शिक्षा किसी विशेष वर्ग तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि प्रत्येक नागरिक को इसका समान अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने आधुनिक शिक्षा के विस्तार और उच्च शिक्षण संस्थानों के विकास में आजाद की दूरदर्शिता को भी रेखांकित किया।

कार्यक्रम में वार्ड पार्षद मोहम्मद असलम, वार्ड पार्षद मोहम्मद सलाहुद्दीन उर्फ संजू भाई, पार्षद प्रतिनिधि खालिद उमर, मुफ्ती अब्दुल्लाह अजहर कासमी और मुफ्ती तल्हा नदवी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वक्ताओं ने मौलाना आजाद के स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान, धर्मनिरपेक्ष सोच और राष्ट्रीय एकता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को याद किया। उन्होंने युवाओं से उनके जीवन और विचारों से प्रेरणा लेने की अपील की।

कार्यक्रम का संचालन शाहबाज हुसैन और मेहर दरकशा ने किया। आयोजन को सफल बनाने में अफजल खान, इमाम अहमद, सरवर आलम, मो. फहीम, तौसीफ खान, नैयर सरताज, हाफिज जावेद, शाहिद सन्नी, गोप लाल, फहीमा, हेना, मुस्कान, नैना, निगार सुलताना, वहीदा, शकील सर समेत अंजुमन के अन्य कर्मचारियों की भूमिका रही।