बरकाकाना स्टेशन पर यात्रियों को उपलब्ध होंगी कई सुविधाएं : जयंत सिन्हा
रामगढ़: बरकाकाना स्टेशन परिसर में रविवार को अमृत स्टेशन महोत्सव 2023 के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जहां पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा योजना के ऑनलाइन उद्घाटन का सीधा प्रसारण देखा गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से हजारीबाग लोकसभा के सांसद जयंत सिन्हा शामिल रहे।
अवसर पर सांसद जयंत सिन्हा ने अमृत स्टेशन योजना के तहत बरकाकाना स्टेशन के पुनर्विकास का शिलान्यास किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि लगभग 33 करोड़ की लागत से बरकाकाना स्टेशन पर विश्व स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी। यात्रियों के एक्सेलरेटर सीढियां और लिफ्ट की सुविधा मिलेगी। प्लेटफार्म और स्टेशन परिसर का सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
इस दौरान उन्होंने कहा कि बरकाकाना हर लिहाज से काफी महत्वपूर्ण स्टेशन है। इस रूट पर वंदे भारत एक्सप्रेस का परिचालन शुरू हो गया है। जल्द ही रांची से बरकाकाना, हजारीबाग और कोडरमा होते हुए गिरीडीह तक इंटरसिटी एक्सप्रेस चलाई जाएगी। जिसपर यात्री बस से भी कम भाड़े पर यात्रा कर सकेंगे। वहीं सप्ताह में दो दिन राजधानी एक्सप्रेस का भी बरकाकाना-हजारीबाग रूट पर परिचालन होगा। इसके लिए रेल मंत्री से बात भी हो चुकी है। पतरातू में रेल ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाएगा। जिसका पूरा खर्च रेलवे वहन कर रही है। रेल ओवरब्रिज के लिए टेंडर भी निकाला जा चुका है। निर्माण जल्द शुरू हो जाएगा।
सांसद जयंत सिन्हा ने आगे कहा कि विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास कार्य अतुलनीय हैं। हमलोग एक भारत, विकसित भारत के लिए प्रयास कर रहे हैं। कोशिश है कि आजादी की 100वीं वर्षगांठ पर 2047 तक हम अर्थव्यवस्था में दूसरे स्थान को प्राप्त कर सकें, और इससे भी महत्वपूर्ण यह कि हम देश के नागरिकों के जीवन स्तर को उपर ला सकें।
मौके पर रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों सहित भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रकाश मिश्रा, सांसद प्रतिनिधि नारायण चंद मौमिक, रणंजय उर्फ कुंटु बाबू, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण मेहता, कुमेल उरांव, डॉ. संजय सिंह, सुमन सिंह, जगतार सिंह, रविंद्र शर्मा, किर्ती गौरव, सतीश मोहन मिश्रा, अनूप ठाकुर, मनोज गिरी, सत्यजीत, प्रवीण कुमार सहित कई मौजूद रहे।


