देशभर के राजभवन के समक्ष तीन दिवसीय धरना 26 से 28 नवंबर तक
रामगढ़: अखिल भारतीय किसान महासभा झारखंड राज्य कमेटी की बैठक सोमवार को बंजारीनगर के निकट यादव धर्मशाला में हुई। जिसमें आगामी 26 नवंबर से 28 नवंबर तक राजभवन के समक्ष आहूत तीन दिवसीय धरना-प्रदर्शन को लेकर चर्चा की गई। झारखंड राजभवन के समक्ष धरना में अधिक से अधिक किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर विचार विमर्श किया गया।
बैठक में राज्य अध्यक्ष बीएन सिंह, राज्य सचिव राजकुमार यादव, प्रदेश प्रभारी जनार्दन प्रसाद और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हीरा गोप, पूरन महतो, परमेश्वर महतो, कमलेश चेरो, कविता सिंह, देवानंद गोप, सकलदेव यादव, नागेश्वर महतो, मुखिया भुनेश्वर बेदिया, पवन गोप, चंदन गोप, तृतलाल बेदिया सहित कई मौजूद थे।
अखिल भारतीय किसान महासभा ने “न्यूज क्लिक” पर एफआईआर का किया विरोध
बैठक से पहले राज्य कमेटी ने न्यूज क्लिक मीडिया पर दर्ज एफआईआर का विरोध करते हुए एफआईआर की कॉपी जलाया। इस दौरान नारेबाजी करते हुए केंद्र सरकार पर लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को प्रताड़ित कर दबाने का आरोप लगाया। इस दौरान अखिल भारतीय किसान महासभा के राज्य अध्यक्ष बीएन सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार अपने विरोधियों की आवाज को लगातार दबाने का प्रयास कर रही है। मीडिया को भी सच्चाई सामने लाने पर प्रताड़ित किया जा रहा है।
झारखंड में भी किसानों की स्थिति बदहाल : बीएन सिंह
महासभा के राज्य अध्यक्ष बीएन सिंह ने कहा कि झारखंड में भी किसानों की स्थिति बदहाल है। विकास के नाम पर किसानों की कृषि योग्य जमीनें छीनी जा रही है। बड़े उद्योगपति समूची व्यवस्था पर हावी हैं। कई जगहों पर किसान अपनी जमीन बचाने के लिए आंदोलन कर रहे हैं। लेकिन उनकी आवाज को अनसुना किया जा रहा है। राज्य सरकार भी किसानों की समस्याओं पर गंभीर नहीं दिख रही है।