भाजपा प्रदेश कार्यालय में राष्ट्रीय प्रवक्ता ने की प्रेसवार्ता
रांची: राज्य में भ्रष्टाचार चरम पर है और यह भ्रष्टाचार हेमंत सरकार की देन है। ईडी के समन से भागने से मुख्यमंत्री बच नहीं पाएंगे। भ्रष्टाचार के सबूतों के साथ ईडी उनके दरवाजे पर भी पहुंचेगी। यह बातेंभारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सह पूर्व सांसद जफर इस्लाम ने रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कही।
उन्होंने कहा कि घमंडिया गठबंधन भ्रष्टाचारियों का गिरोह है और कांग्रेस भ्रष्टाचारियों के स्लीपर सेल की सरगना है। घमंडिया गठबंधन के लोगों को सिर्फ भ्रष्टाचार करने और अपने परिवार से सरोकार है, आम जनता से कोई लेना देना नहीं है। पश्चिम बंगाल में बुआ-भतीजा, बिहार में नीतीश लालू तमिलनाडु में स्टालिन और उनके दामाद, केरल में वामपंथी सरकार, सभी लूट में शामिल हैं।
जफर इस्लाम ने कहा कि झारखंड में हेमंत सरकार भ्रष्टाचार और आकंठ में डूबी हुई है। भ्रष्टाचार के आरोप में मुख्यमंत्री को ईडी ने 6 समन जारी किए। लेकिन मुख्यमंत्री भगोड़ा सीएम साबित हो रहे। आखिर गलत किया नहीं तो फिर क्यों डर रहे। उन्हे जवाब देना ही पड़ेगा।
आगे उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन भ्रष्टाचार पर कारवाई के बदले मुख्य सचिव बदल रहे। कल हो सकता है कारवाई से बचने के लिए डीजीपी ही बदल दें। उन्होंने कहा कि जनता ने तीन राज्यों के विधानसभा चुनावों में इंडी गठबंधन को सजा दे चुकी। अब झारखंड की बारी है। जनता आगे एक-एक पाई का हिसाब लेगी। प्रेसवार्ता में प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक और प्रवक्ता अविनेश कुमार सिंह उपस्थित रहे।