रांची: रातू थाना क्षेत्र में बंद घरों में चोरी करनेवाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से करीब 3.70 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, 7850 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

पुलिस के मुताबिक गिरोह के सदस्य पहले बंद मकानों की रेकी करते थे। घर में किसी के नहीं होने की पुष्टि के बाद चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। इस गिरोह का कथित मुख्य सदस्य आकाश महतो मूल रूप से हरियाणा के कुरुक्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस का कहना है कि वह वहां चोरी की कई घटनाओं को अंजाम देने के बाद रातू के आमटांड़ में पत्नी के साथ किराये के मकान में रह रहा था।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आकाश महतो के अलावा विनय कुमार वर्मा, विनायक कुमार सोनी और दीपक उरांव उर्फ लड्डू को गिरफ्तार किया है। तलाशी में करीब 600 ग्राम चांदी और 15 से 20 ग्राम सोने के आभूषण समेत अन्य जेवरात मिले हैं। बरामद सामान का अनुमानित मूल्य 3 लाख 70 हजार रुपये बताया गया है।

जांच में यह भी सामने आया है कि आकाश महतो के खिलाफ हरियाणा के कुरुक्षेत्र और करनाल जिले के अलग-अलग थानों में चोरी के मामले दर्ज हैं। वहीं गिरफ्तार आरोपियों ने रातू क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पूरी कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय-द्वितीय अजय आर्यन के नेतृत्व में की गई। इसमें रातू थाना प्रभारी आदिकान्त महतो समेत पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।