भुरकुंडा (रामगढ़): लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस क्रम में मंगलवार को पतरातू प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार गुप्ता और भुरकुंडा ओपी प्रभारी शिवलाल गुप्ता ने भुरकुंडा के नलकारी छठ घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पूजा समिति के सदस्यों के साथ घाट का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान बीडीओ मनोज कुमार गुप्ता ने छठ घाट पर स्वच्छता, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही। वहीं, छठ व्रतियों को अर्घ्य देने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए घाट की सीढ़ियों की मरम्मती कराने का भी सुझाव दिया।
वहीं ओपी प्रभारी शिवलाल गुप्ता ने छठ पूजा समिति के सदस्यों से आपसी समन्वय बनाकर समय रहते सभी तैयारियां पूरी करने की अपील की। जिससे महापर्व के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।
मौके पर छठ पूजा समिति के अध्यक्ष संजीत राम, पंचायत समिति सदस्य दीपक भुइयां, दीपक राजभर, गोपाल करमाली, कृष्णचंद्र दास सहित अन्य लोग मौजूद थे।

