रांची: नवंबर की शुरुआत के साथ ही झारखंड में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। सुबह और शाम की ठंड के बीच अब बारिश की संभावना ने मौसम को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। राजधानी रांची में 10 नवंबर को बादल छाने के साथ गरज-चमक और बिजली कड़कने की संभावना जताई गई है। इस दौरान हल्की बारिश भी हो सकती है।

मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 10 नवंबर को रांची का अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। दिनभर आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है। मौसम में अचानक बदलाव को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।

11 नवंबर को सुबह कोहरा, दिन में बादल

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 11 नवंबर की सुबह रांची में कोहरा या धुंध छाई रह सकती है। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा। इस दिन अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

12 नवंबर को सुबह धुंध के बाद मौसम साफ होने के आसार हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। वहीं, 13 नवंबर को भी सुबह कोहरा या धुंध देखने को मिल सकती है। दिन में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। तापमान अधिकतम 27 और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।

सुबह-शाम बढ़ेगी ठंड, सतर्क रहने की जरूरत

आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में गिरावट के संकेत हैं। इसका असर खासकर सुबह और देर रात महसूस हो सकता है। दिन में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहने के बावजूद सुबह-शाम ठिठुरन बढ़ने की संभावना है। ऐसे में सुबह जल्दी घर से निकलने वाले लोगों को गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी जाती है। बारिश और वज्रपात की आशंका को देखते हुए खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचना भी जरूरी है।