रामगढ़: बरकाकाना ओपी क्षेत्र के रामगढ़-पतरातू मुख्य मार्ग पर चिल्ड्रेन पार्क के निकट बुधवार की शाम सड़क दुर्घटना में तीन लोग घायल हो गये। मिली जानकारी के अनुसार हेहल निवासी मिलन पोद्दार अपने एक साथी के साथ बाइक JH 02 AB 9281 पर रामगढ़ की ओर जा रहे थे। वहीं रामगढ़ की ओर से आ रही मारूति अल्टो कार JH 01 C 7006 बाइक को चपेट में लेते हुए सड़क किनारे लगे एंगल से जा टकराई। कार पर दो पुरूष और चार महिलाएं सवार थीं। दुर्घटना में बाइक चालक मिलन पोद्दार, उनके साथी और कार पर सवार एक सवार महिला को काफी चोटें आई है। जबकि अन्य लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं।
घटना की जानकारी पर पहुंची बरकाकाना पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से रामगढ़ सदर अस्पताल भिजवाया। वहीं पुलिस दोनों वाहनों को जब्त कर ओपी ले आई है। खबर लिखे जाने तक सभी घायलों की पहचान नहीं हो पाई है।