रामगढ़: रंगों के पावन त्योहार होली से पूर्व रविवार की रात होलिका दहन हर्षोल्लास से संपन्न हुआ। क्षेत्र भुरकुंडा, जवाहरनगर, पटेलनगर, सयाल, सेंट्रल सौंदा, रीवर साइड, सौंदा बस्ती, भदानीनगर सहित बासल और आसपास के ग्रामीण इलाके में होलिका दहन किया गया। इससे पूर्व होलिका दहन के लिए जमा की गई लकड़ियों के समीप स्थानीय लोग जुटे। पारंपरिक विधियों का पालन करते हुए लकड़ियों में अग्नि दी गई। वहीं अपने-अपने घरों से भी लोगों ने लकड़ी-गोइठा लाकर अग्नि में आहूति दी।
वहीं होलिका दहन के उपरांत लोगों ने एक दूसरे को अबीर-गुलाल लगाया। बड़े बुजुर्गों के पांव छूकर आशीर्वाद लिया गया। कई जगहों पर ढोलक-झाल बजाते हुए लोगों ने पारंपरिक होली गीतों का आनंद उठाया। जबकि कुछ जगहों पर डीजे की धुन पर युवा जमकर थिरकते भी देखे गए। वहीं शांति-व्यवस्था को लेकर प्रशासन चौकस रही। होलिका दहन के क्रम में पुलिस की गश्ती जारी भी रही। इधर, लोगों में होली को लेकर उत्साह चरम पर है। सोमवार को होली खेली जाएगी।