धनबाद: पूर्व मध्य रेलवे धनबाद मंडल के सेवानिवृत्त रेल कर्मियों के डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बनाने के लिए मंडल के पांच जगहों पर कैंप लगाया जाएगा। कल 22 नवंबर को धनबाद स्टेशन और गोमो स्टेशन पर कैंप लगाया जाएगा। 23 नवंबर को बरकाकाना स्टेशन और बरवाडीह स्टेशन पर कैंप लगाया जाएगा। वहीं 24 नवंबर को चोपन स्टेशन पर कैंप का आयोजन किया जाएगा।
बताया जाता है कि धनबाद मंडल द्वारा डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र यानी डीएलसी अभियान 3.0 के तहत कैंप का आयोजन किया जा रहा है। जिससे पेंशनधारकों के लिए फेस ऑथेंटिकेशन तकनीक के माध्यम से जीवन प्रमाणपत्र जमा करने की प्रक्रिया को सरल बनाया जा सके। इससे पेंशनधारकों को एंड्रॉयड स्मार्टफोन पर आधार से जुड़े पहचान के माध्यम से प्रमाणपत्र जमा करने की सुविधा मिलती है।
इससे पहले पेंशनधारकों को पेंशन वितरण (बैंक/डाकघर) कार्यालयों में जाना पड़ता था, जो बुजुर्गों के लिए परेशानी का कारण होता था। अब फेस ऑथेंटिकेशन तकनीक ने बायोमैट्रिक उपकरणों की आवश्यकता को समाप्त कर दिया है | इससे जीवन प्रमाणपत्र जमा करने की प्रक्रिया अधिक सुलभ हो गई है। यह जानकारी वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक धनबाद की ओर से दी गई है।