लक्ष्मी पूजन कर लोगों ने की सुख-समृद्धि की कामना
भुरकुंडा (रामगढ़): दीपों का पर्व दीपावली भुरकुंडा कोयलांचल सहित आसपास के क्षेत्रों में हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। पर्व को लेकर सुबह से ही लोगों में खास उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने अपने-अपने घरों और प्रतिष्ठानों की साफ-सफाई कर आकर्षक ढंग से सजावट की। शाम होते ही दीपों और रंग-बिरंगी रोशनी से घर-आंगन जगमगा उठे।
इस अवसर पर लोगों ने विधि-विधान के साथ माता लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की तथा परिवार की सुख-समृद्धि, उन्नति और खुशहाली की कामना की।
वहीं, रात्रि में क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर मां काली की प्रतिमाएं स्थापित कर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। मंदिरों और पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी और पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। दीपावली को लेकर बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। नए कपड़े पहनकर बच्चे एक-दूसरे को दीपावली की बधाई देते नजर आए। शाम होते ही बच्चों ने अपने परिजनों के साथ दीप जलाए और रंग-बिरंगी फुलझड़ियां, अनार एवं अन्य आतिशबाजी कर त्योहार की खुशियां मनाईं।
वहीं पर्व को लेकर सुबह से ही बाजारों में रौनक बनी रही, जो देर शाम तक जारी रही। बाजारों में पटाखों, पूजन सामग्री, फल, मिठाई और अन्य जरूरी सामानों की जमकर खरीदारी हुई। दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ लगी रही। कुल मिलाकर दीपावली का त्योहार क्षेत्र में आस्था, उमंग, उत्साह और खुशियों के माहौल के बीच धूमधाम से संपन्न हुआ।

