रामगढ़: बासल थाना अंतर्गत हरिहरपुर पंचायत के बरघुटुवा पुल के निकट रविवार को पतरातु डैम में एक व्यक्ति का शव पाया गया। मृतक की पहचान भंडारा निवासी अरुण मुंडा (लगभग 40 वर्ष) के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार बरघुटुआ पुल के पास पतरातु डैम के पानी में रविवार की सुबह स्थानीय लोगों ने सतह पर एक व्यक्ति का शव देखा। मामले की जानकारी पर बरघुटुवा सहित आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। वहीं सूचना पर बासल थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और नाव के जरिए शव को पानी से बाहर निकाला गया। मृतक ने टी-शर्ट और हाफ पैंट पहन रखा था।
छानबीन के दौरान मृतक की शिनाख्त भंडारा निवासी अरुण मुंडा के रूप में हुई। मामले की जानकारी पर मृतक के परिजन भी घटना स्थल पर पहुंचे। बताया जाता है अरूण की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और वह तीन दिनों से लापता था। खबर लिखे जाने तक शव का उठाव नहीं किया जा सका है।
बताते चलें कि बीते 11 अगस्त को घटनास्थल के पास ही पानी में अज्ञात महिला का विभत्स शव बरामद हुआ था। जिसकी शिनाख्त नहीं हो सकी थी।