रामगढ़: चैनगड्डा फ्लाईओवर के निकट महिला की हत्या के दूसरे दिन रविवार को रामगढ़ एसपी अजय कुमार ने भदानीनगर ओपी क्षेत्र का दौरा किया। इस क्रम में उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ घटनास्थल सहित आसपास का मुआयना किया। इसके उपरांत एसपी अजय कुमार और सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पतरातू गौरव गोस्वामी ने महुआटोला के मुख्य रास्ते का भी जायजा लिया और सीसीटीवी साक्ष्य के संबंध में जांच पड़ताल की। वहीं देर शाम तक भदानीनगर ओपी में उन्होंने अनुसंधान की प्रगति की समीक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। 

इस दौरान एसपी अजय कुमार ने मीडिया कर्मियों को बताया कि कांड की गंभीरता को देखते हुए विशेष अनुसंधान टीम का गठन किया गया है। जो साक्ष्यों का विष्लेषण और तकनीकी ज्ञान उपयोग करते हुए अनुसंधान में तत्परता से जुटी हुई है। रामगढ़ सहित सीमावर्ती जिलों के टोल-चेकनाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मामले का शीघ्र उद्भेदन किया जाएगा।

चैनगड्डा फ्लाईओवर पर 12 घंटे बाद हटाया गया जाम

महिला की हत्या से आक्रोशित ग्रामीणों ने रामगढ़-पतरातू फोरलेन सड़क को 12 घंटे से अधिक समय तक जाम रखा। मांगों पर सहमति और प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन के बाद शनिवार की रात दो बजे के बाद जाम हटा लिया गया। बताया जाता है कि मृतका के परिजनों के लिए मुआवजा, बच्चों की शिक्षा और पति को निजी कंपनी में नौकरी सहित अन्य मांगों पर कई बार वार्ता के बाद अंतिम सहमति बनी। आश्वासन के बाद जाम हटा और आवागमन सामान्य हुआ।

सड़क जाम के दौरान ग्रामीणों की मांग पर वार्ता करते पतरातू सीओ और अन्य

सड़क जाम और विधि-व्यवस्था के मद्देनजर रामगढ़ अनुमंडल पदाधिकारी अनुराग तिवारी, रामगढ़ एसडीपीओ परमेश्वर प्रसाद, डीएसपी मुख्यालय चंदन वत्स, पतरातू अंचलाधिकारी मनोज कुमार चौरसिया, पतरातू सर्किल इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार सिंह सहित पतरातू अनुमंडलीय थाना के विभिन्न थाना और ओपी के पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे। 

घाघरा में मृतका का हुआ अंतिम संस्कार 

बासल थाना क्षेत्र अंतर्गत घाघरा में रविवार को मृतका का अंतिम संस्कार हुआ। जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी शामिल रहे। वहीं हत्याकांड को लेकर क्षेत्र में चौक-चौराहों पर चर्चा होती रही। जहां घटना से मर्माहत लोग मृतका के बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित दिखे। वहीं क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठते रहे। लोगों में हत्याकांड को लेकर काफी रोष देखा जा रहा है। 

By Admin

error: Content is protected !!