उरीमारी (हजारीबाग): डीएवी पब्लिक स्कूल उरीमारी में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि सीसीएल बरका-सयाल महाप्रबंधक अजय सिंह सपरिवार शामिल हुए। वहीं विशिष्ट अतिथि में बिरसा परियोजना पदाधिकारी सुबोध कुमार, झामुमो नेता संजीव बेदिया, बरका-सयाल एरिया वेलफेयर मेंबर संजय शर्मा, एसबीआई सौंदा शाखा प्रबंधक सौरभ कुमार सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

गणतंत्र दिवस समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा झंडोत्तोलन कर किया गया। इसके उपरांत छात्रों जोशपूर्ण मार्च-पास्ट परेड ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके उपरांत विद्यालय की प्राचार्या डॉ. सोनिया तिवारी ने पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर अतिथियों का स्वागत किया और कार्यक्रम को संबोधित किया।

समारोह में विद्यार्थियों द्वारा स्वागत गीत एवं ‘कॉन्स्टिट्यूशन सॉन्ग’ की भावपूर्ण प्रस्तुति दी गई। कक्षा तृतीय एवं चतुर्थ के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत एरोबिक डांस ने कार्यक्रम में विशेष ऊर्जा का संचार किया। इस अवसर पर समारोह का प्रमुख आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा निर्मित नए संसद भवन का भव्य मॉडल रहा, जो भारतीय संविधान के मूल्यों, लोकतांत्रिक व्यवस्था और राष्ट्रीय एकता का सजीव प्रतीक बनकर उभरा। इस मॉडल ने उपस्थित दर्शकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। इसी विषय पर आधारित ‘संविधान जागरूकता’ पर हिंदी नाटक का मंचन किया गया, जिसमें मनोरंजन के साथ-साथ संविधान के महत्व एवं नई संसद की संरचना की प्रभावशाली जानकारी प्रस्तुत की गई।

इसके उपरांत नागपुरी नृत्य के माध्यम से झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत एवं परंपराओं को सजीव रूप में दर्शाया गया। प्राचार्या एवं छात्राओं द्वारा विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की गई, जिसमें विद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की उपलब्धियों का उल्लेख किया गया। नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। इसके साथ ही विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि अजय सिंह ने अपने संबोधन में संविधान में प्रदत्त  नागरिकों के अधिकारों और कर्तव्यों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने हेतु निरंतर परिश्रम करने की प्रेरणा दी। उन्होंने विद्यालय में वाणिज्य संकाय (कॉमर्स स्ट्रीम) प्रारंभ करने की घोषणा भी की।

कार्यक्रम के अंत में शिक्षक असीम घटक ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं सहायक कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन शांति पाठ के साथ हुआ।

By Admin

error: Content is protected !!