गिरिडीह: 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम झंडा मैदान में आयोजित किया गया। समारोह की शुरुआत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, नगर विकास एवं आवास विभाग, झारखंड सरकार को परेड की सलामी दे कर की गई। वहीं मंत्री, उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने परेड टुकड़ियों का निरीक्षण किया। इसके उपरांत पूर्वाह्न 9:00 बजे मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने झंडोत्तोलन किय। अवसर पर मंत्री ने जनता को संबोधित करते हुए शासन-प्रशासन द्वारा जनहित में किए जा रहे कार्यों को रखा और सरकार की उपलब्धियां गिनाई।

उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक दिन को याद करने के लिए हम यहां एकत्रित हुए हैं जिसने हमें दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र बनाया। 26 जनवरी, 1950 को हमारा संविधान लागू हुआ और हमारे देश ने गणराज्य का गौरव पाया। यह दिन हर भारतीय के लिए गर्व, सम्मान और कृतज्ञता का प्रतीक है। कहा कि झारखण्ड की पावन भूमि से बिरसा मुंडा, सिद्धू कान्हू, चांद-भैरव, नीलाम्बर-पीताम्बर जैसे महानायकों ने हमें प्रेरणा दी। समृद्ध खनिज संसाधनों से परिपूर्ण गिरिडीह की पावन धरती ने जैन तीर्थकरों और वैज्ञानिक धरोहरों के ऐतिहासिक महत्व को समेटे हुए पूरे देश को गौरवान्वित करने का काम किया है। हमारा प्रयास है कि झारखण्ड का हर नागरिक विकास की मुख्यधारा से जुड़े और आगे बढ़े।

कार्यक्रम में आगे मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों/कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला जनसंपर्क पदाधिकार अंजना भारती, अनुमंडल कार्यालय के निम्न वर्गीय लिपिक मित्रजीत मंडल, जिला पोषण समन्वयक मेरी टुडू को सम्मानित किया गया।

समारोह के दौरान आईआरबी 09 को प्रथम, एनसीसी को द्वितीय और कार्मेल को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। इसके अलावा जिला पुलिस बल, पुरुष, आईआरबी 09, जिला पुलिस बल, महिला, झारखंड गृह रक्षा वाहिनी, हाई स्कूल, गिरिडीह, एनसीसी सीनियर महिला, डीएवी सीसीएल, कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, सुभाष पब्लिक स्कूल, बीएनएस डीएवी तथा बैंड दल के रूप में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, जमुआ को सम्मानित किया गया।

वहीं सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग गिरिडीह, कृषि विभाग गिरिडीह, पशुपालन विभाग गिरिडीह, मत्सय विभाग गिरिडीह, जिला समाज कल्याण कार्यालय गिरिडीह, गव्य विकास कार्यालय गिरिडीह, JSLPS गिरिडीह, डीआरडीए गिरिडीह, उत्पाद विभाग गिरिडीह, जिला उद्योग केन्द्र गिरिडीह, अग्निशमन केन्द्र गिरिडीह, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक गिरिडीह, शिक्षा विभाग गिरिडीह एवं जिला आपूर्ति कार्यालय गिरिडीह, स्वास्थ्य विभाग, परिवहन विभाग द्वारा झांकियां प्रस्तुत की गई। इन झांकियों में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की झांकी प्रथम, समाज कल्याण विभाग और मत्स्य विभाग को द्वितीय और जिला विकास अभिकरण की झांकी तृतीय स्थान पर रही।

 

By Admin

error: Content is protected !!