रामगढ़: संपूर्णता अभियान 2.0 को लेकर सोमवार को उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में समीक्षा बैठक की गई। बैठक के दौरान जिला योजना पदाधिकारी संतोष भगत के द्वारा उप विकास आयुक्त सहित बैठक में उपस्थित अन्य अधिकारियों को जानकारी दी गई। बताया गया कि आकांक्षी जिला कार्यक्रम एवं आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के अंतर्गत संपूर्णता अभियान 2.0 का संचालन 28 जनवरी 2026 से लेकर 14 अप्रैल 2026 तक किया जाना है जिसके अंतर्गत विभिन्न सूचकांको के तहत अलग-अलग विभागों द्वारा कार्य किए जाने हैं।
बैठक के दौरान जिला लीड आकांक्षी जिला कार्यक्रम सिल्वेस्टर टोपनो के द्वारा पीपीटी प्रेजेंटेशन के माध्यम से अलग-अलग विभागों से संबंधित आकांक्षी जिला कार्यक्रम एवं आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के तहत सूचकांकों की जानकारी दी गई। इस दौरान उनके द्वारा बताया गया कि अभियान के तहत आकांक्षी जिला कार्यक्रम में पांच सूचकांकों एवं आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम में 6 सूचकांकों पर कार्य किए जाने हैं।
बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त के द्वारा संबंधित विभागों के पदाधिकारी के साथ सभी सूचकांको के तहत किए जाने वाले कार्यों को लेकर विस्तार से जानकारी ली गई एवं आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। साथ ही उनके द्वारा संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से स्थल निरीक्षण कर कार्य प्रगति का जायजा लेने एवं विभिन्न कार्य किए जाने को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
