रांची: छठ महापर्व को लेकर घाटों को स्वच्छ बनाने में जुटे सफाई कर्मियों के योगदान की रांची महानगर छठ पूजा समिति ने सराहना की है। समिति के अध्यक्ष आलोक कुमार दुबे ने उपायुक्त एवं संबंधित अधिकारियों के साथ राजधानी के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया और सफाई कार्य में लगे कर्मियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया।

निरीक्षण के दौरान पंचमुखी मंदिर, धुर्वा स्थित कृत्रिम तालाब और डोरंडा के बटन तालाब में चल रही तैयारियों का जायजा लिया गया। इस दौरान साफ-सफाई, सुरक्षा, रोशनी और छठव्रतियों के लिए जरूरी सुविधाओं पर चर्चा हुई।

आलोक कुमार दूबे ने कहा कि छठ के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर पहुंचते हैं, ऐसे में किसी भी व्रती को पूजा-अर्चना और अर्घ्य देने में परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मियों की मेहनत के बिना घाटों को स्वच्छ और व्यवस्थित स्वरूप देना संभव नहीं है। दिन-रात काम करने वाले इन कर्मियों का योगदान अक्सर चर्चा में नहीं आ पाता, जबकि पर्व की बेहतर व्यवस्था में उनकी भूमिका सबसे अहम होती है।

उन्होंने कहा कि समिति प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर पर्व को बेहतर तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रयासरत है। छठ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि स्वच्छता, सेवा, अनुशासन और सामाजिक एकजुटता का भी संदेश देता है। उन्होंने छठव्रतियों और श्रद्धालुओं को पर्व की शुभकामनाएं दीं।