मनिका/लातेहार: थाना क्षेत्र अंतर्गत बिसुनबांध पंचायत के बीकरा गांव स्थित वन भूमि पर अवैध रूप से की जा रही पोस्ता की खेती पर पुलिस-प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए विशेष अभियान के दौरान करीब 2.5 एकड़ क्षेत्र में फैली पोस्ता की फसल को ट्रैक्टर चलाकर और लाठी-डंडों के सहारे पूरी तरह नष्ट कर दिया गया।

अभियान का नेतृत्व थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास ने किया। उन्होंने बताया कि अवैध मादक पदार्थों की खेती और तस्करी के खिलाफ मनिका पुलिस लगातार अभियान चला रही है। पोस्ता की खेती न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि समाज और युवाओं के भविष्य के लिए भी गंभीर खतरा है। इसी को देखते हुए वन भूमि में की जा रही इस गैरकानूनी खेती को नष्ट करना आवश्यक था।
इस दौरान पुलिस बल के साथ संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। पूरे क्षेत्र की सघन तलाशी ली गई और संबंधित लोगों की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। थाना प्रभारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि वे नशे से जुड़े किसी भी अवैध कार्य की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और क्षेत्र को नशामुक्त बनाया जा सके।

By Admin

error: Content is protected !!