नीतीश भारती
लातेहार: सदर अस्पताल परिसर में गुरुवार को “पलाश दीदी कैफे” का विधिवत शुभारंभ उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद, सिविल सर्जन डॉ. राजमोहन खलखो और जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर जिला प्रशासन के पदाधिकारी, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़े प्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूह की दीदियां और अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
उद्घाटन के दौरान उप विकास आयुक्त ने कहा कि पलाश दीदी कैफे महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर प्राप्त होंगे और वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकेंगी।
उन्होंने बताया कि कैफे के माध्यम से अस्पताल आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों को स्वच्छ, पौष्टिक एवं किफायती भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।यह कैफे राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित किया जाएगा, जिससे उनकी आय में वृद्धि के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार का सृजन होगा।
