शाहिना परवीन हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा
गिरिडीह: बगोदर थाना अंतर्गत कारीपहाड़ी पर बीते 30 जनवरी को मिले महिला के अधजले शव की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा दिया है। मृतका शाहिना परवीन की हत्या के आरोप में पुलिस ने उसके पति और सास समेत पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं कांड में संलिप्त दो नाबालिगों को सुधार गृह में भेज दिया गया है।
इस संबंध में एसपी डॉ. बिमल कुमार ने बताया कि बीते 30 जनवरी को बगोदर थाना अंतर्गत कारीपहाड़ी पर एक महिला का अधजला शव बरामद किया गया। इससे पूर्व बीते 28 जनवरी से लापता डुमरी थाना क्षेत्र के चिनो गांव निवासी शाहिना परवीन के गुमशुदगी का मामला सामने आया था। जिसपर पुलिस ने परिजनों को बुलाकर शव की पहचान कराई। परिजनों ने अधजले कपड़े, पुराने दाग और चूड़ियों के आधार पर शव की पहचान की।
मामले में मृतिका के पिता ताहुल अंसारी के आवेदन पर बगोदर थाना कांड संख्या 20/26, दिनांक 30.01.2026 को धारा 103(1)/238/3(5) बीएनएस के तहत हत्या कर शव जलाने का मामला दर्ज किया गया। कांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापामारी कर मृतका के पति जाबीर अंसारी और सास जैबुन निशा को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार करते हुए पुलिस को बताया कि उन्होंने शाहिना परवीन को कारीपहाड़ी जंगल ले जाकर हत्या की और पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को जला दिया। पूछताछ के दौरान अपराध में संलिप्त सराफत अंसारी, वकील अंसारी उर्फ रॉकी, गुड्डु अली और दो विधि- विरुद्ध किशोरों की संलिप्तता भी सामने आई। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी पति जाबीर अंसारी ने दूसरी शादी की नीयत से पत्नी की हत्या की साजिश रची थी।
हत्याकांड के सफल उद्भेदन में में बगोदर-सरिया एसडीपीओ धनंजय राम, बगोदर थाना प्रभारी विनय यादव, सरिया अंचल पुलिस, तकनीकी शाखा और रिजर्व गार्ड की अहम भूमिका रही।
