रामगढ़: पतरातू डीजल शेड मैदान में आयोजित 37वें शमशेर जंग मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट का पहला सेमीफाइनल मैच शनिवार को खेला गया। मैच ईस्ट सेंट्रल रेलवे और घाटो के बीच खेला गया। अवसर पर मुख्य अतिथि वरीय मंडल यांत्रिक अभियंता अनिल कुमार सिंह, मंडल सहायक यांत्रिक अभियंता शशि भूषण सिन्हा, चीफ़ लोको इंस्पेक्टर तेज सिंह ने दोनों टीम के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच की शुरुआत की।
सेमीफाइनल के रोमांचक मुकाबले में घाटो ने शुरुआत दबदबा बनाते हुए एक के बाद एक लगातार चार गोल दागे। वहीं ईस्ट सेंट्रल रेलवे की टीम दो गोल ही दाग सकी और फाइनल मुकाबले से बाहर हो गई। मैच में मुख्य रेफरी मोहम्मद याकूब हुसैन सहित रेफरी चंद्र मोहन, छोटू दास, जीवलाल महतो ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। बताया जाता है कि रविवार को दूसरा सेमीफाइनल रामगढ़ और धनबाद के बीच खेला जाएगा। जिसमें विजयी होनेवाली टीम फाइनल में घाटो की टीम से मुकाबला करेगी।
