गिरिडीह: पुलिस और सुरक्षाबलों ने गुप्त सूचना के आधार पर अभियान चलाकर कानेडीह के भालकी पहाड़ी से हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया है। इसका खुलासा करते हुए गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) सुरजीत कुमार, सीआरपीएफ 154 बटालियन के द्वितीय कमान अधिकारी कुमार ओम प्रकाश सिंह और सहायक कमांडेंट सी. ए. तोम्बा सिंह के नेतृत्व में नक्सलियों के विरुद्ध संयुक्त अभियान चलाया गया। जिसमें केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल 154 बटालियन और जिला पुलिस गिरिडीह के जवान शामिल रहे।
अभियान के दौरान खुखरा थाना क्षेत्र से सटे पारसनाथ पहाड़ी के भालकी पहाड़ी, कानेडीह के समीप बीडीडीएस टीम की सहायता से नक्सलियों द्वारा गड्ढे में छुपा कर रखे गए भारी मात्रा में हथियार विस्फोटक सामग्री और अन्य प्रतिबंधित सामान बरामद किया गया। बरामद प्रतिबंधित सामग्रियों को जब्त अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।
अभियान में 303 बोल्ट एक्शन सिंगल शॉट राइफल 11, राइफल 9, ग्रेनेड 6, एसएलआर प्रोजेक्टर 1, एमएन बॉक्स 1, चार्जर क्लिप 30, कॉपर वायर 2 बंडल बरामद किए गए हैं।
