सांसद सामूहिक विवाह उत्सव 2026  

 

रामगढ़ के सिद्दो-कान्हू मैदान में हुआ भव्य आयोजन, उमड़े लोग 

• सांसद मनीष जायसवाल ने किया कन्यादान, वर-वधू को दिया आशीर्वाद 

•राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, सांसद मनोज तिवारी समेत कई गणमान्य हुए शामिल

रामगढ़: शहर का सिद्दो-कान्हू मैदान रविवार को सांसद सामूहिक विवाह उत्सव के भव्य और ऐतिहासिक आयोजन का साक्षी बना। हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल के सौजन्य से 101 जोड़े सात फेरे लेकर वैवाहिक बंधन में बंध गए। सर्वप्रथम छावनी फुटबॉल मैदान से रविवार की सुबह 11 बजे सांसद मनीष जायसवाल की अगुवाई में सजे-धजे वाहनों पर 101 दुल्हों की सामूहिक बारात निकली। जिसमें हजारों की संख्या में लोग शामिल रहे। बैंड-बाजा और आतिशबाजी के साथ निकली बारात सुभाष चौक, थाना चौक, झंडा चौक, चट्टी बाजार, बाजारटांड़ होते हुए सिद्दो-कान्हू मैदान पहुंची। इस बीच घरों की छतों से बारात पर जगह-जगह पुष्प वर्षा की गई। वहीं विवाह स्थल सिद्दो-कान्हू मैदान पहुंचने पर बारातियों का धूमधाम से स्वागत किया गया।

हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल और दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी ‘मृदुल’ ने भगवान गणपति की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर सांसद सामूहिक विवाह उत्सव की शुरुआत की। कार्यक्रम में सूबे के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार भी शामिल हुए।सिद्दो-कान्हू मैदान में बनाए गए 101 विवाह मंडपों में वर-वधू का विवाह कोलकाता से पहुंचे पंडित राघव और उसके सहयोगियों ने विधि-विधान से संपन्न कराया। सांसद मनीष जायसवाल ने कन्यादान कर वर-वधू को आशीर्वाद दिया। वैवाहिक अनुष्ठान के बीच दूसरी तरफ मंच पर मनोज तिवारी ने ‘मृदुल’ अपने गीतों से अनोखा समां बांध लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं झारखंड के कलाकार दीपक तिर्की ने सादरी और नागपुरी गीत से लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस दौरान डांस ग्रुप के कलाकारों द्वारा गणेश वंदना और राधा-कृष्ण के गीत पर मनमोहक प्रस्तुति दी।

सांसद सामूहिक विवाह उत्सव में सूबे के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार भी शामिल हुए। उन्होंने मुख्य मंच से लोगों का अभिवादन किया और परिणय सूत्र में बंधते जोड़ो को आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम में भाजपा के संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू, धनबाद सांसद ढुल्लू महतो, बरही विधायक मनोज कुमार यादव, सदर विधायक प्रदीप प्रसाद, मांडू विधायक निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो, बड़कागांव विधायक रोशनलाल चौधरी, सिमरिया विधायक उज्ज्वल दास, धनबाद के विधायक राज सिन्हा, भाजपा के वरिष्ठ नेता राकेश प्रसाद, बालमुकुंद सहाय, रामगढ़ भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव कुमार बबला, हजारीबाग भाजपा जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह सहित कई गणमान्य नेता भी शामिल हुए। सभी ने नवविवाहित जोड़ों को सुख में दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया।

101 जोड़ों का विवाह संपन्न होने पर सांसद मनीष जायसवाल के सौजन्य की ओर से वर-वधू को सुखमय दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं और ई-रिक्शा समेत कई घरेलू सामान भेंट कर विदाई दी। वहीं भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी होने सांसद ने संपर्क करने का आग्रह किया। बताते चलें कि रामगढ़ में पहली बार सांसद सामूहिक विवाह का आयोजन किया गया। जिसमें दिव्यांग, अनाथ और निर्धन परिवार से आनेवाले जोड़ों का शाही अंदाज में विवाह संपन्न हुआ। इससे पूर्व मनीष जायसवाल के सौजन्य से हजारीबाग शहर में भी दो बार सामूहिक विवाह का आयोजन किया गया था। 

 

 

By Admin

error: Content is protected !!