बलिया (उत्तर प्रदेश) का रहनेवाला था मृतक 

रामगढ़: पतरातू थाना अंतर्गत मेन रोड पर बीती रात सड़क दुघर्टना में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान रौनक कुमार शाह (27 वर्ष) के रूप में हुई है। जो मूल रूप से बलिया (यूपी) का रहनेवाला था और निर्माणाधीन पीवीयूएनएल में काम कर रही एजेंसी लॉयल टैंक सीएचपी ऑपरेशन मैनपावर में कार्यरत था।

मिली जानकारी के अनुसार बीती रात तकरीबन 10 बजे रौनक कुमार शाह ड्यूटी खत्म कर बाइक (JH 13H 5382) पर लौट रहा था। इस दौरान ड्यूटी से लौट रहे अन्य कर्मियों ने मेन रोड पर रौनक को बाइक समेत पड़ा हुआ देखा। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने रौनक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पतरातू पहुंचाया। जहां चिकित्सक अरविंद कुमार ने उसके मौत की पुष्टि कर दी। बताया जाता है कि गंभीर अंदरूनी चोट की वजह से रौनक की मौत हुई है। 

घटना को लेकर हिट एंड रन की आशंका जताई जा रही है। अस्पताल पहुंचे सहकर्मियों के अनुसार किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से दुर्घटना हुई होगी। घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी फुटेज खंगालने से मामला साफ हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। पुलिस ने बाइक को कब्जे में ले लिया है। खबर लिखे जाने तक शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया चल रही है। मृतक के परिजनों को देर रात ही मामले की जानकारी दे दी गई है। वे बलिया से पतरातू के लिए रवाना हो चुके हैं। 

By Admin

error: Content is protected !!