समाधान के लिए अधिकारियों को दिए दिशा-निर्देश

नीतीश भारती

लातेहार: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में मंगलवार को उनके कार्यालय कक्ष में साप्ताहिक जन शिकायत निवारण का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी-अपनी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं।

जन शिकायत निवारण के दौरान उपायुक्त ने सभी शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को एक-एक कर गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि प्राप्त सभी आवेदनों की जांच कराकर यथाशीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आमजनों की समस्याओं का त्वरित निष्पादन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इस क्रम में ग्राम नारायणपुर, पोस्ट नावागढ़, थाना लातेहार की निवासी मानो देवी ने जल-नल योजना के अंतर्गत उनके घर तक पाइपलाइन कनेक्शन नहीं मिलने की शिकायत दर्ज कराई। आवेदन में बताया गया कि उनके घर से लगभग 100 मीटर की दूरी पर जल मीनार स्थापित है तथा आसपास के अधिकांश घरों में पाइपलाइन से जलापूर्ति हो रही है, लेकिन उनके घर तक अब तक कनेक्शन नहीं दिया गया है, जिससे उन्हें पेयजल के लिए दूर से पानी लाना पड़ रहा है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवेदन की जांच कर पात्रता के अनुसार शीघ्र पाइपलाइन सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही योजना के क्रियान्वयन में आ रही किसी भी स्थानीय बाधा को दूर कर लाभ सुनिश्चित करने को कहा।

जन शिकायत निवारण के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कई आवेदन प्राप्त हुए। सभी शिकायतों को सुनने के बाद उपायुक्त ने संबंधित विभागों को अग्रसारित करते हुए भौतिक सत्यापन कर जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बताते चलें कि उपायुक्त के निर्देशानुसार आमजनों की समस्याओं के समाधान एवं शिकायतों के निष्पादन हेतु जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर पर प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को जन शिकायत निवारण का आयोजन किया जाता है।

By Admin

error: Content is protected !!