बारियातू (लातेहार): प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की स्थानीय शाखा परिसर में रविवार को होली महोत्सव हर्षोल्लास से मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अवसर पर बहन बीके गुड़िया ने उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि परमात्मा के दिव्य रंग में रंगने का पावन पर्व है। उन्होंने कहा कि अब तक हम सांसारिक रंगों से अपने जीवन को सजाते आए हैं, किंतु सच्चे अर्थों में होली तब मानी जाएगी जब हम अपने जीवन को परमात्मा के आध्यात्मिक रंग में रंगें।
उन्होंने आगे कहा कि जीवन को सच्ची खुशी और उमंग से भरने के लिए आवश्यक है कि हम अपने अंदर की बुराइयों जैसे ईर्ष्या, द्वेष, घृणा एवं अन्य अवगुणों को होलिका की अग्नि में भस्म करें। जब तक मन की नकारात्मक प्रवृत्तियों का अंत नहीं होगा, तब तक वास्तविक रूप में होली का आनंद संभव नहीं है।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएँ दीं तथा प्रेम, भाईचारे और आध्यात्मिक एकता का संदेश दिया।इस अवसर पर मितयानन्द प्रजापति, संजय सिन्हा, रमेश, आनंद सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
