रामगढ़: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को रामगढ़ टाउन हॉल में नीर-नारी शक्ति विषय पर आधारित राज्य स्तरीय जल अभियान की शुरुआत की गई। यह अभियान 8 मार्च से 22 मार्च तक चलेगा। कार्यक्रम में विधायक रामगढ़ ममता देवी, विधायक बड़कागांव रोशन लाल चौधरी, विधायक मांडू निर्मल महतो, अभियान निदेशक जल जीवन मिशन शशि रंजन, अभियान निदेशक स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण मनोहर मरांडी, उपायुक्त, रामगढ़ फैज अक अहमद मुमताज, जिला परिषद अध्यक्ष सुधा देवी, उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल, यूनिसेफ के वॉश विशेषज्ञ कुमार प्रेमचंद, वाश अधिकारी लक्ष्मी सक्सेना सहित जिला स्तरीय वरीय अधिकारी, अधिकारी कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम में सर्वप्रथम अतिथियों का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया गया। जिसके उपरांत संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर विधिवत रूप से अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रामगढ़ ममता देवी ने सभी को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दी। मौके पर उन्होंने कहा कि नारी का समाज में योगदान बहुत बड़ा है। उन्होंने सभी को राज्य सरकार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मार्गदर्शन में महिलाओं के विकास हेतु किए जा रहे कार्य एवं चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही उन्होंने जल महोत्सव के सफल आयोजन में जल सहियाओं के योगदान पर भी प्रकाश डाला। इस दौरान उन्होंने उपायुक्त के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन रामगढ़ द्वारा चलाए गए प्राथमिक उपचार एवं सीपीआर प्रशिक्षण की सराहना की वहीं ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए शुरू किए गए ट्रांसजेंडर कैफे एवं ब्यूटीशियन कोर्स के लिए भी जिला प्रशासन रामगढ़ को धन्यवाद दिया।
वहीं कार्यक्रम के दौरान संबोधित करते हुए विधायक बड़कागांव रोशन लाल चौधरी ने सभी को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए महिलाओं द्वारा समाज के विकास हेतु किए जा रहे कार्यों के लिए सभी का धन्यवाद किया वहीं उन्होंने उनके उनके द्वारा महिलाओं के विकास हेतु किए जा रहे विभिन्न प्रयासों की भी जानकारी सभी को दी।
माननीय विधायक मांडू निर्मल महतो ने सभी को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आगामी गर्मी के मौसम में सभी जिलेवासियों तक जलापूर्ति सुनिश्चित हो इसमें जल सहियाओं का योगदान बहुत बड़ा है। मौके पर उन्होंने कई महत्वपूर्ण जानकारियां सभी के साथ साझा की।
कार्यक्रम के दौरान संबोधित करते हुए अभियान निदेशक जल जीवन मिशन शशि रंजन ने सर्वप्रथम सभी को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दी। मौके पर उन्होंने अपने व्यक्तिगत अनुभवों को साझा करते हुए जल संरक्षण में जल सहियाओं के योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा सभी आम जनों तक जलापूर्ति सुनिश्चित करने हेतु जल जीवन मिशन चलाया जा रहा है इसके सफल संचालन के लिए जल सहियाओं को अपने दायित्वों का निर्वहन करने पर विशेष ध्यान देना होगा। मौके पर उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित जल सहिया से सीधा संवाद कर उनके कार्यों की जानकारी ली एवं उनके समक्ष आ रही समस्याओं को सुना।
कार्यक्रम के दौरान जिले के छत्तरमांडू स्थित मौलाना अबुल कलाम आजाद पार्क में ट्रांसजेंडर कैफे का सफल संचालन करने के लिए किन्नर उत्थान समिति के सदस्यों को सम्मानित किया गया।राज्य स्तरीय जल महोत्सव कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने के लिए रामगढ़ और बोकारो जिला की जल सहियाओं और मुखियाओं को सम्मानित किया गया। मुखियाओं में मांडू प्रखंड के पुंडी पंचायत की रोपण देवी, पतरातू प्रखंड के पटेल नगर पंचायत के गुलाब देवी, रामगढ़ प्रखंड के चितरपुर प्रखंड की चितरपुर उत्तरी पंचायत की मंजू देवी को सम्मानित किया गया। वहीं जलसहियाओं में गोला प्रखंड के नवाडीह पंचायत की रजनी देवी, मगनपुर पंचायत की सकीना बानो, हप्पू पंचायत की सुमिला देवी, पतरातू प्रखंड के जवाहर नगर पंचायत की मंजू देवी, भुरकुंडा पंचायत की खुशबू कुमारी, मांडू प्रखंड के तापीन पंचायत की सुमन देवी, चितरपुर प्रखंड के चितरपुर पूर्वी पंचायत की अनीता देवी, बड़कीपोना पंचायत की बिना देवी, लइयो दक्षिणी पंचायत की रेखा देवी, पुंडी पंचायत की रोपण देवी, रामगढ़ प्रखंड अंतर्गत दोहाकातु पंचायत की मिंटू देवी, दुलमी प्रखंड के दुलमी पंचायत की अलासो देवी, बोकारो जिला के गोमिया प्रखंड के स्वांग दक्षिणी पंचायत की निशा कुमारी, ससबेड़ा पूर्वी पंचायत की सुषमा देवी, सियारी पंचायत की गीता देवी, पेटरवार प्रखंड अंतर्गत उत्तासारा पंचायत की देवंती देवी, धरवाटांड पंचायत की प्रमिला देवी एवं कसमार प्रखंड के दांतु पंचायत की रेखा देवी को सम्मानित किया गया।
