रबी फसल बीमा के लिए 31 दिसंबर तक करा सकेंगे निबंधन
रामगढ़: किसानों को फसल बीमा और फसल क्षति मुआवजे के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को उपायुक्त ऋतुराज ने जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उपायुक्त ने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ लेने की अपील की।
अवसर पर उपायुक्त ने जानकारी देते हुए बताया कि बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत रबी फसल का बीमा कराने के लिए जिले में अभियान चलाया जा रहा है, जो 31 दिसंबर 2026 तक जारी रहेगा। किसान मात्र ₹1 की टोकन राशि जमा कर अपनी रबी फसलों का बीमा करा सकते हैं। इसके तहत गेहूं, चना, सरसों एवं आलू जैसी फसलों का बीमा कराया जा सकता है। पंचायत स्तर पर आयोजित होने वाले शिविरों के माध्यम से भी किसानों को योजना की जानकारी देते हुए बीमा कराने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बीमा कराने के लिए किसानों को आधार कार्ड, बैंक पासबुक की प्रति, मोबाइल नंबर, भूमि संबंधी दस्तावेज (गैर ऋणी किसानों के लिए), बटाईदार/किराएदार किसानों के लिए आवश्यक घोषणा पत्र (यदि लागू हो) एवं फसल बुवाई का विवरण उपलब्ध कराना होगा। किसान संबंधित बैंक शाखा (ऋणी/KCC किसान), पैक्स, कॉमन सर्विस सेंटर (प्रज्ञा केंद्र) अथवा अधिकृत बीमा कंपनी के प्रतिनिधि से संपर्क कर अपना बीमा करा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि फसल क्षति होने की स्थिति में बीमित किसानों को 72 घंटे के अंदर अपनी शिकायत दर्ज करानी आवश्यक है। इसके लिए किसान टोल फ्री नंबर 14447 पर कॉल करने के साथ-साथ क्रॉप इंश्योरेंस एप, कृषि रक्षक पोर्टल, बैंक, पैक्स, कृषि विभाग अथवा बीमा कंपनी के माध्यम से भी क्लेम दर्ज करा सकते हैं।

