रामगढ़: जिले में कुष्ठ रोग पहचान अभियान (LCDC-2025-26) के तहत सोमवार को तीसरे चरण का शुभारंभ किया गया। अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. नवल कुमार और जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी डॉ. तुलिका रानी ने विधिवत दीप प्रज्ज्वलित कर और हरी झंडी दिखाकर अभियान की शुरुआत की।
बताया जाता है कि कुष्ठ जागरूकता कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के उद्देश्य से जिले में 09 मार्च 2026 से 23 मार्च 2026 तक Leprosy Case Detection Campaign चलाया जाएगा। अभियान के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा घर-घर जाकर संभावित कुष्ठ रोगियों की पहचान की जाएगी तथा उन्हें समय पर जांच एवं उपचार के लिए प्रेरित किया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि कुष्ठ रोग पूरी तरह से उपचार योग्य है और नियमित दवा सेवन से रोगी पूर्ण रूप से स्वस्थ हो सकता है। उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति के शरीर पर दाग-धब्बे या सुन्नता जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं।
अभियान के अंतर्गत आशा, सहिया तथा अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की टीम घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेगी और संभावित मामलों की पहचान कर उचित उपचार सुनिश्चित करेगी।
अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे, जिनमें अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, जिला आरसीएच पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, डीपीएमयू, एपिडेमियोलॉजिस्ट सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी शामिल रहे।
